निगरानी में 222 लोग, जांच को भेजे गए चार के नमूने
कोरोना वायरस के खौफ व सतर्कता के बीच गोरखपुर व बस्ती मंडल में विदेश से लौटे 222 लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। गंभीर रूप से बीमार चार लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इनके लार का नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
महराजगंज में आइसोलेशन वार्ड में कड़ी निगरानी के बीच रखे गए निचलौल निवासी इंजीनियर का नमूना जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया। यह इंजीनियर जापान में इंफोसिस कंपनी में काम करता है और 9 मार्च को घर लौटा है। एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग में वह स्वस्थ मिला और घर पहुंचने के बाद उसने खुद को आइसोलेट रखा। खासी की दिक्कत होने पर उसे सोमवार को आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया।
कुशीनगर में 22 दिन पहले इटली से लौटे एमबीबीएस छात्र के कोरोना संक्रमित होने का मैसेज वायरल होने के बाद एक न्यायिक अधिकारी के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका नमूना लिया। छात्र के पिता डाक्टर हैं उसके लौटने पर उन्होंने क्लीनिकल जांच कराई थी।
देवरिया जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना के संदिग्ध का मंगलवार को ब्लड जांच व सीटी स्कैन किया गया। इसके पहले युवक का एक्सरे भी कराया गया। जांच में युवक की स्थिति सामान्य है। हालांकि वाराणसी भेजे गए नमूने की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गोरखपुर में 81 संदिग्धों की हो रही निगरानी
स्वास्थ्य महकमा उन सभी लोगों की निगरानी कर रहा है जो बीते दो महीने में कोरोना प्रभावित देशों से लौटे हैं। सबसे ज्यादा 81 लोगों की निगरानी गोरखपुर में हो रही है। इसमें से करीब 30 लोगों की निगरानी की मियाद पूरी हो चुकी है। देवरिया में 58, महराजगंज में 19, बस्ती में 22, संतकबीरनगर में 25, सिद्धार्थनगर में पांच और कुशीनगर में एक व्यक्ति की सेहत पर स्वास्थ्य विभाग निगरानी रखे हुए है।
देवरिया में 11 लोगों की चल रही है तलाश
देवरिया में 11 लोगों की स्वास्थ्य विभाग तलाश रहा है। ये लोग बीते एक हफ्ते में विदेश से लौटे हैं। सोमवार को ही इनकी सूची शासन ने देवरिया प्रशासन को भेजी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी तलाश कर रही है।
आइसोलेशन वार्ड से संदिग्ध भागा, दो घंटे बाद पकड़ा
बस्ती में जिला मुख्यालय से सैंपल लेने जा रही आईडीएसपी टीम के पहुंचने से पहले ही सीएचसी भानपुर में आइसोलेशन वार्ड से संदिग्ध मरीज फरार हो गया। इसे लेकर हड़कंप मच गया। बाद में वह घर पर मिला। फिर रात आठ बजे उसका सैंपल लिया गया। युवक बोला कि दोपहर से शाम तक मुख्यालय से टीम के नहीं पहुंचने पर वह वहां से निकल गया था। सीएचसी पर तैनात एक स्वास्थ्य कर्मचारी द्वारा फोन किए जाने के बाद वह घर पहुंचा। एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन के मुताबिक सैंपल केजीएमयू लखनऊ भेजा जाएगा। मरीज को घर पर ही रहने की सलाह दी गई है। भानपुर क्षेत्र का एक 27 वर्षीय युवक करीब 12 दिन पहले चेन्नई से आया था। उसे कई दिनों से सर्दी, जुकाम आदि की शिकायत थी। समस्या ज्यादा होने पर वह मंगलवार दोपहर में अस्पताल पहुंचा।