सरकारी मकानों पर काबिज 40 रिटायर कर्मचारियों को नोटिस

सरकारी मकानों पर काबिज 40 रिटायर कर्मचारियों को नोटिस


बीआरडी मेडिकल कालेज में सरकारी मकानों में अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। रिटायर होने के बावजूद 60 से अधिक मकानों पर कर्मचारी काबिज हैं। उधर नए तैनात कर्मचारी आवास के लिए भटक रहे हैं। इसे देखते हुए कालेज प्रशासन ने रिटायर हो चुके 40 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है।


बीआरडी परिसर में 300 से अधिक आवास हैं। कैंपस में टाइप वन के 210 व टाइप टू के 109 आवास हैं। कालेज से रिटायर होने के बाद भी 60 से अधिक कर्मचारी वर्षों से इन आवासों में जमे हैं। इनमें से कुछ आवासों पर अराजक तत्व भी आते हैं।


कर्मचारियों ने मांगे आवास : बीआरडी में इन दिनों बड़ी संख्या में कर्मचारी नियुक्त हुए हैं। इसमें 80 से अधिक नर्सें हैं। इमरजेंसी व नाइट ड्यूटी के नाम पर नर्सों ने कालेज प्रशासन से सरकारी आवास आवंटित करने की मांग की। नर्सों के आवेदन के बाद कालेज प्रशासन ने जांच की। इस जांच में चौंकाने वाला मामला सामने आया। कैंपस में हर पांचवें आवास पर रिटायर कर्मचारी अवैध रूप से काबिज हैं। आवास खाली करने के लिए कालेज प्रशासन कई बार पहल की। कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया। कुछ प्रभावशाली लोग हस्तक्षेप के कारण कॉलेज प्रशासन को पीछे हटना पड़ा।


40 कर्मचारियों को नोटिस जारी


इस बार कालेज प्रशासन आवासों को खाली कराने के मूड में है। कालेज प्रशासन ने 40 कर्मचारियों को अंतिम नोटिस जारी किया है। नोटिस में कर्मचारियों को आवास खाली करने के लिए एक हफ्ते की मियाद दी गई है। नोटिस में साफ कहा गया है कि कर्मचारी स्वत: आवास खाली कर दें अन्यथा पुलिस की मदद से आवास को खाली कराया जाएगा।