पत्थरबाजी के आरोपियों के घर नोटिस, दो दिन का अल्टीमेटम
पत्थरबाजी के बाद से फरार चल रहे नामजद आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस ने दबिश के साथ ही उन पर दबाव बनाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। फरार आरोपियों को हाजिर होने के लिए उनके घर पुलिस नोटिस भी भेज रही है। उन्हें दो दिन के अंदर कोतवाली आकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा जा रहा है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद नखास पर हुए पथराव और तोड़फोड़ के मामले में कोतवाल जयदीप वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने 36 नामजद के अलावा 1000 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। वहीं विवेचना में फोटो के आधार पर तीन और लोग सामने आए थे जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच पत्थरबाजों को जेल भेज दिया है।
33 आरोपी फरार हैं घर से: दूसरी तरफ नामजद आरोपियों में 33 अपने घरों से फरार चल रहे हैं। कुछ तो परिवार समेत भाग गए हैं। उनके घर पर ताला बंद है। नामजद आरोपियों को अपना पक्ष रखने के लिए पुलिस ने दो दिन का वक्त दिया है। मंगलवार को पुलिस ने उनके यहां नोटिस भिजवाया है। जिनके परिवार के लोग मिले हैं उन्हें नोटिस थमाया गया है। वहीं जिनके घर में ताला बंद है उनके यहां नोटिस चस्पा किया गया है। पुलिस के नोटिस के बाद अब एक बार फिर हड़कम्प मच गया है।
आरोपियों को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने के लिए गुरुवार तक का समय दिया गया है। वह इस दौरान थाने पर नहीं आते हैं तो फिर उनके खिलाफ आगे विधिक कार्रवाई होगी। उनके खिलाफ 82 और 83 की कार्रवाई कर कुर्की की भी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
- जयदीप वर्मा, कोतवाल